Agriculture

घर पर ही आसानी से उगाएं लहसुन, हर चटनी में आएगा जबर्दस्त स्वाद

N
ABP News
July 27, 20263 min read
घर पर ही आसानी से उगाएं लहसुन, हर चटनी में आएगा जबर्दस्त स्वाद

Garlic In Kitchen Garden: रसोई में लहसुन का तड़का न लगे तो खाने का स्वाद अधूरा सा लगता है. चाहे बात सुबह की चटपटी चटनी की हो या फिर दाल में तड़का लगाने की लहसुन हर भारतीय डिश का जायका दोगुना कर देता है. लेकिन बाजार में मिलने वाले लहसुन में अक्सर केमिकल्स का डर रहता है और कभी-कभी तो इनके दाम भी आसमान छूने लगते हैं.

ऐसे में अगर आप बिना किसी झंझट के अपने घर पर ही एकदम ऑर्गेनिक और ताज़ा लहसुन उगा लें तो क्या बात होगी. अच्छी बात यह है कि लहसुन उगाने के लिए आपको किसी बड़े खेत या बगीचे की बिल्कुल ज़रूरत नहीं है. आप अपनी बालकनी में रखे छोटे से गमले या ग्रो बैग में भी इसे बहुत आसानी से उगा सकते हैं.

सही गमला लेकर आएं

घर पर लहसुन उगाने की शुरुआत करने के लिए आपको बाजार से कोई महंगे बीज खरीदने की जरूरत नहीं है. आपकी रसोई में मौजूद लहसुन की बड़ी और स्वस्थ कलियाँ ही इसके लिए सबसे बेहतरीन बीज का काम करती हैं. लहसुन लगाने के लिए सबसे पहले एक ड्रेनेज होल वाला गमला लें.

ऐसे करें मिट्टी की तैयारी

इसके बाद 60% सामान्य मिट्टी, 30% गोबर की खाद या वर्मीकंपोस्ट और 10% रेत मिलाकर एक हल्की और भुरभुरी मिट्टी तैयार कर लें. अब लहसुन की कलियों को छिलके समेत अलग करें और उनके नुकीले हिस्से को ऊपर की तरफ रखते हुए मिट्टी में लगभग दो इंच गहरा दबा दें. कलियों के बीच दो-तीन इंच की दूरी ज़रूर रखें ताकि गांठें अच्छी बन सकें.

देखभाल के टिप्स

लहसुन के पौधे को बहुत ज्यादा देखभाल की ज़रूरत नहीं होती. लेकिन कुछ बातों का ध्यान रखना ज़रूरी है. इस पौधे को अच्छी ग्रोथ के लिए कम से कम 4 से 5 घंटे की सीधी धूप मिलनी चाहिए, इसलिए गमले को बालकनी या छत पर ऐसी जगह रखें जहाँ धूप आती हो.

यह भी पढ़ें: DAP खाद नकली तो नहीं? खरीदते समय जरूर करें ये चेक

पानी देने का नियम

पानी देते समय इस बात का खास ख्याल रखें कि मिट्टी में सिर्फ हल्की नमी बनी रहे. गमले में पानी रुकना नहीं चाहिए, वरना लहसुन की कलियाँ सड़ सकती हैं. हफ्ते में एक-दो बार हल्का पानी देना ही काफी रहता है. पौधे जब थोड़े बड़े हो जाएं तो समय-समय पर गमले की हल्की गुड़ाई करते रहें ताकि जड़ों को हवा मिलती रहे.

हरी पत्तियों का इस्तेमाल

लहसुन के पौधे की सबसे अच्छी बात यह है कि इसका पूरा इस्तेमाल होता है. जब पौधा बड़ा होने लगता है, तो आप इसकी ऊपर की हरी पत्तियों को काटकर पराठे, चटनी या सब्जियों में इस्तेमाल कर सकते हैं. हरी पत्तियों का स्वाद बहुत ही जबर्दस्त और खुशबूदार होता है.

लहसुन की कटाई

लहसुन की पूरी गांठ तैयार होने में लगभग 4 से 5 महीने का समय लगता है. जब पौधे की पत्तियाँ ऊपर से पीली पड़कर सूखने लगें, तो समझ जाइए कि मिट्टी के नीचे लहसुन की गांठें पूरी तरह पक चुकी हैं. तब आप आराम से पौधे को उखाड़कर घर का उगाया हुआ ताज़ा और शुद्ध लहसुन इस्तेमाल कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें: मोरिंगा की खेती सीखें, सरकार देगी 1000 मुफ्त पौधे

Topics & Tags:#Agriculture
घर पर ही आसानी से उगाएं लहसुन, हर चटनी में आएगा जबर्दस्त स्वाद | Kisan Reporter